गया में पटना हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की 25 साल पुरानी मांग तेज

गया में पटना हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की 25 साल पुरानी मांग तेज

प्रेषित समय :19:41:49 PM / Wed, Mar 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अनिल मिश्र / पटना

गया स्थित व्यवहार न्यायालय में पटना उच्च न्यायालय की बेंच जल्द स्थापित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस 25 वर्षों पुरानी मांग को अविलंब पूरा करने की अपील की है.

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिहार से झारखंड के विभाजन से पहले जिस प्रकार रांची में पटना उच्च न्यायालय की बेंच स्थापित थी, उसी तर्ज पर अब मध्य और दक्षिण बिहार के लोगों की सुविधा के लिए गया व्यवहार न्यायालय में भी हाईकोर्ट की बेंच स्थापित की जानी चाहिए.

इस मांग को उठाने वालों में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि एवं प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, दामोदर गोस्वामी, विपिन बिहारी सिन्हा, शिव कुमार चौरसिया, अनिल बेलदार और सुजीत गुप्ता सहित कई नेता शामिल हैं. इन नेताओं ने कहा कि बिहार और झारखंड के विभाजन के बाद से ही मध्य-दक्षिण बिहार के लोग लगातार केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ पटना उच्च न्यायालय तथा उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों से गया में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग करते आ रहे हैं.

नेताओं ने बताया कि हाल ही में मुख्य न्यायाधीश के गया दौरे और व्यवहार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान भी गया में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई थी. उनका कहना है कि यदि गया व्यवहार न्यायालय में पटना उच्च न्यायालय की बेंच स्थापित हो जाती है, तो गया सहित मध्य और दक्षिण बिहार के लगभग एक दर्जन जिलों के लोगों को न्यायिक प्रक्रिया में काफी सहूलियत मिलेगी और उन्हें छोटे-छोटे मामलों के लिए पटना तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि गया व्यवहार न्यायालय के नए भवन का निर्माण कर अधिवक्ताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए. साथ ही आम लोगों के लिए भी न्यायालय परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके और दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

नेताओं ने सरकार से मांग की है कि जनहित और न्यायिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए गया में पटना उच्च न्यायालय की बेंच स्थापित करने की दिशा में जल्द ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि मध्य-दक्षिण बिहार के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-