जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी में पिछले दिनों हुए मालगाड़ी हादसे को पमरे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए घटना की जांच तेज कर दी है. वहीं पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक ने शुक्रवार को दुर्घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की.
जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने हादसे के कारणों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर रिपोर्ट पेश की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. इस दौरान रेलवे बोर्ड द्वारा गठित विशेष जांच समिति के सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे.
SSE स्तर पर हो रही जांच
जबलपुर मंडल के एडीआरएम आनंद कुमार ने बताया कि महाप्रबंधक का यह दौरा मुख्य रूप से नियमित निरीक्षण का हिस्सा था, लेकिन उन्होंने विशेष प्राथमिकता के साथ मालगाड़ी हादसे वाले स्थल का जायजा लिया. उन्होंने आगे जानकारी दी कि वर्तमान में हादसे की जांच एसएसई स्तर पर की जा रही है. वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे.
रेल यातायात पूरी तरह सामान्य
हादसे के तुरंत बाद युद्धस्तर पर किए गए मरम्मत कार्यों के चलते रेलवे ट्रैक को बहाल कर दिया गया था. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में इस रूट पर रेल यातायात पूरी तरह सुचारु है और सभी यात्री व मालगाडिय़ां अपने निर्धारित समय से चल रही हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

