छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. विभाग द्वारा सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के कुल 700 पदों पर नई नियुक्तियां की जाएंगी. इस कदम से कॉलेजों में शिक्षकों और सहायक स्टाफ की कमी दूर होने की उम्मीद है.
विभाग के अनुसार, इन 700 पदों में सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया के लिए राज्य शासन के नियमों के अनुसार आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया गया है. उच्च शिक्षा विभाग ने 24 फरवरी 2026 को सभी आवश्यक जानकारी के साथ प्रस्ताव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को भेज दिया है.
सहायक प्राध्यापक के पदों पर विभिन्न विषयों में नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणी शास्त्र के 50-50 पद शामिल हैं. इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद, कम्प्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद और विधि विषय के 10 पदों पर भी भर्ती की जाएगी.
उच्च शिक्षा विभाग ने भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या, परीक्षा पाठ्यक्रम और विज्ञापन का प्रारूप भी आयोग को भेज दिया है. आयोग द्वारा आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसके बाद इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे.
इस भर्ती से राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
वहीं, कॉलेजों में वर्तमान शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने स्वीकृत पदों के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था भी जारी रखी है. इससे नियमित नियुक्तियां होने तक पढ़ाई सुचारु रूप से चलती रहेगी
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

