जबलपुर. जबलपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर मंडला जिले की सीमा से लगे औद्योगिक क्षेत्र मनेरी में बीती रात एक टायर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस गैस प्लांट में टायर बनाए जाते हैं. कर्मचारी फैक्ट्री में काम कर रहे थेए तभी अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही बरेली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. इसके बाद जबलपुर और मंडला से दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाना शुरू किया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग की वजह से फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है. हालांकि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है. आग लगने के समय फैक्ट्री परिसर के आसपास कई वाहन खड़े थे. जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से तुरंत वहां से हटाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

