कोलकाता. बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के महज 45 मिनट पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा सियासी दांव चलते हुए रविवार दोपहर में दो बड़ी घोषणा की. ममता ने एक तरफ जहां पुरोहितों और मुअज्जिनों (इमामों) को राज्य सरकार की तरफ से दिए जाने वाले मानदेय (भत्ते) में 500 रुपये की बढ़ोतरी कर दो हजार रुपये करने तो दूसरी तरफ राज्य के सरकारी कर्मचारियों/पेंशन भोगियों और शिक्षकों के बकाया डीए का भुगतान इसी मार्च महीने से करने की घोषणा की.
ममता ने अपने एक्स हैंडल पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की. ममता ने एक्स पर लिखा- मुझे हमारे पुरोहितों और मुअजि़्जऩों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जिनकी सेवा हमारे समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखती है. इस बढ़ोतरी के साथ, उन्हें अब हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे. साथ ही, पुरोहितों और मुअजि़्जऩों द्वारा सही तरीके से जमा किए गए सभी नए आवेदनों को भी राज्य सरकार ने मंज़ूरी दे दी है.
एक अन्य पोस्ट में ममता ने लिखा- मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारी मां-माटी- मानुष की सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से, साथ ही हमारे शिक्षण संस्थानों के लाखों शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों से, और पंचायतों, नगर निकायों तथा अन्य स्थानीय निकायों जैसे हमारे अन्य ग्रांट-इन-एड (सहायता-प्राप्त) संस्थानों के कर्मचारियों/पेंशनभोगियों से किए गए अपने वादे को पूरा किया है.
हमारे वित्त विभाग द्वारा जारी की गई अधिसूचनाओं में बताए गए नियमों के अनुसार, उन्हें इसी मार्च 2026 से अपने बकाया डीए (महंगाई भत्ते) का भुगतान शुरू हो जाएगा. राज्य के वित्त विभाग ने रविवार को इस बाबत आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी. मालूम हो कि मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने ये दोनों बड़ी घोषणाएं ऐसे समय में की है, जब चुनाव आयोग बंगाल समेत पांच राज्यों में शाम चार बजे चुनाव तारीखों की घोषणा करने वाला है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

