राज्यसभा चुनाव : बेंगलुरु में रिश्वत कांड, ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को 5-5 करोड़ देने का आरोप

राज्यसभा चुनाव : बेंगलुरु में रिश्वत कांड, ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को 5-5 करोड़ देने का आरोप

प्रेषित समय :14:50:10 PM / Mon, Mar 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बेंगलुरु. राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान हो रहा है. इससे पहले बेंगलुरु में एक बड़ा सियासी विवाद सामने आया है. कर्नाटक पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इन लोगों ने ओडिशा के आठ कांग्रेस विधायकों को भाजपा के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग कराने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि प्रत्येक विधायक को 5 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया था.

ये गिरफ्तारियां उस समय हुई हैं जब कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ऑपरेशन लोटस का आरोप लगाया था. इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. डीके शिवकुमार ने कहा कि चार लोग एक होटल में ठहरे थे और उन्होंने ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को 5 करोड़ रुपये प्रति विधायक देने का लालच देकर क्रॉस-वोटिंग कराने की कोशिश की. शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है. भाजपा प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कहा कि कांग्रेस को हार का डर है, इसलिए वह ऐसे झूठे आरोप लगा रही है.

संख्या बल के आधार पर भाजपा के उम्मीदवार सामल और कुमार तथा बीजेडी के मिश्रा की जीत लगभग तय मानी जा रही है. असली मुकाबला चौथी सीट को लेकर है, जहां क्रॉस-वोटिंग की आशंका और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के बीच होता और राय के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है.

होटल में ठहरे थे आरोपी, ब्लैंक चेक बरामद

कोरापुट से सांसद सप्तगिरी शंकर उलाका के अनुसार, बीरेंद्र प्रसाद, सुरेश, अजीत साहू और सिमांचल महाकुड नाम के चार लोग उसी होटल में ठहरे हुए थे, जहां कांग्रेस विधायक ठहरे थे. ये सभी ओडिशा के राउरकेला से आए थे और शनिवार रात होटल में रुके थे. आरोप है कि उन्होंने विधायकों को पांच-पांच करोड़ रुपये देने की पेशकश की. पुलिस को उनके पास से कुछ ब्लैंक चेक भी बरामद हुए हैं. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय का नाम लिया है.
उलाका ने यह भी आरोप लगाया कि होटल का मालिक दिलीप राय है. जांच के दौरान जायसवाल नाम के एक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है, जिसे ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का करीबी बताया जा रहा है. कांग्रेस सांसद ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए यह भी आरोप लगाया कि चारों आरोपियों ने कांग्रेस विधायकों को धमकाने की कोशिश की.

इन लोगों की गिरफ्तारी
 
सुरेश- ओडिशा के राउरकेला से, अजीत साहू ओडिशा के राउरकेला के निवासी, सिमांचल महाकुडओडिशा के राउरकेला से

इन पर आरोप है कि इन्होंने बेंगलुरु के एक होटल में ठहरे ओडिशा के कांग्रेस विधायकों से संपर्क कर उन्हें भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग कराने के लिए प्रत्येक विधायक को 5 करोड़ रुपये देने की पेशकश की थी. कर्नाटक पुलिस ने इनके पास से ब्लैंक चेक भी बरामद किए हैं और मामले में पूछताछ जारी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पूछताछ के दौरान इन लोगों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय का नाम भी लिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-