छतरपुर. मध्य प्रदेश छतरपुर से उत्तर प्रदेश के कानपुर के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया गया है. इस ट्रेन के शुरू होने से न केवल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, बल्कि हमीरपुर जिले के सुमेरपुर और मौदहा क्षेत्र के यात्रियों के लिए कानपुर की राह अब और भी सुगम हो गई है.
अभी तक सुमेरपुर और मौदहा क्षेत्र के यात्रियों को कानपुर जाने के लिए सीमित रेल सेवाओं या सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था. इंटरसिटी एक्सप्रेस के शुरू होने से अब व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है. स्थानीय लोगों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत किया है, क्योंकि यह ट्रेन कम समय में और आरामदायक तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने में सक्षम है.
इन स्टेशनों में रहेगा हाल्ट
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह ट्रेन छतरपुर से चलकर खजुराहो, महोबा के रास्ते सुमेरपुर और मौदहा स्टेशनों पर रुकते हुए कानपुर पहुंचेगी. इन दोनों प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिए जाने से क्षेत्रीय यात्रियों को अब लंबी प्रतीक्षा या डग्गामार वाहनों के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे. उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कानपुर सेंट्रल से महाराजा छत्रसाल स्टेशन के बीच गाड़ी संख्या (स्पेशल) का संचालन किया जा रहा है. इस विशेष ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि इसमें कुल 20 कोच लगाए गए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


