जबलपुर में एक महिला के घर से मिला शराब का जखीरा, आबकारी विभाग की दबिश में 28 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त

जबलपुर में एक महिला के घर से मिला शराब का जखीरा, आबकारी विभाग की दबिश में 28 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त

प्रेषित समय :15:07:29 PM / Tue, Mar 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बेलखेड़ा स्थित गुबरा कला गांव में एक महिला के घर पर आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर 28 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है. आशंका जताई जा रही है कि 31 मार्च को ठेके की अवधि समाप्त होने से पहले अवैध रूप से इस शराब का स्टॉक खपाने की तैयारी की जा रही थी. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु कर दी है.

बताया गया है कि आबकारी आयुक्त के निर्देश पर पुलिस द्वारा अवैध शराब बेचने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. जिसके चलते विभाग को खबर मिली कि बेलखेड़ा क्षेत्र के ग्राम गुबराकलां स्थित एक घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का स्टॉक जमा किया गया हैए जिसे जिले के विभिन्न इलाकों में खपाने की तैयारी थी. सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम प्रभारी परमानंद कोरचे के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची. वहां मौजूद महिला गीताबाई दुबे ने शुरुआत में टीम को घर के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर जब अधिकारी अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देख सभी हैरान रह गए.

तलाशी के दौरान गीताबाई के घर से अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ. कार्रवाई में 345 पेटी देशी मदिरा मसाला और 266 पेटी देशी मदिरा प्लेन सहित कुल 5499 बल्क लीटर शराब जब्त की गई. आबकारी विभाग के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपए है. विभाग ने पूरी खेप जब्त करते हुए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34/1 क और 34/2 के तहत मामला दर्ज किया है. इस मामले में आरोपी गीताबाई दुबे और उसके पति रविशंकर दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है. कंट्रोल रूम प्रभारी परमानंद खोरचे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 31 मार्च से शराब ठेके समाप्त होने की संभावना को देखते हुए गांवों में अवैध रूप से शराब सप्लाई करने के उद्देश्य से यह स्टॉक जमा किया गया था.

महिला के दो बेटे भी करते है अवैध कारोबार-

पूछताछ के दौरान यह भी पता चला है कि गीताबाई के दो बेटे है, वो भी अवैध शराब की बिक्री में लिप्त है. हालांकि कार्रवाई के दौरान घर पर सिर्फ महिला ही मिली थी. आबाकारी विभाग मामले की जांच में जुटी हुई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-