जबलपुर.एमपी के जबलपुर में नोटों की गड्डी में कागज भरकर बुजुर्ग को ठगने का मामला सामने आया है. घटना आधारताल थाना अंतर्गत सुहागी क्षेत्र की है. बैंक से 98 हजार रुपए लेकर बाहर निकलते ही 64 वर्षीय बुजुर्ग गुरुदत्त केवट को दो युवकों ने बड़ी ही चालाकी से रुपए लेकर कागज के टुकड़े थमा दिए और गायब हो गए.
अधारताल के सुहागी निवासी गुरुदत्त केवट मंगलवार दोपहर अकेले ही बैंक चले गए. अंदर जाने के बाद जब वह फार्म भरने के लिए आसपास किसी को देख रहे थे. इस दौरान पीली शर्ट पहनने वाला युवक पास आया और मदद करने को कहा. दूसरा ठग भी वहीं था. बुजुर्ग ने ठग को रुपए निकालने का फार्म और पासबुक दे दिया. थोड़ी देर बाद युवक ने फार्म भरकर गुरुदत्त को दे दिया. लाइन नें लगने के बाद जब बुजुर्ग को 98 हजार रुपए मिल गए तो दोनों ठग उनके पास पहुंचे और साथ में ही बैंक से बाहर आ गए.
ठगों की चालाकी से बेखबर वृद्ध जब घर पहुंचे तो देखा कि सिर्फ एक नोट ऊपर और एक नोट नीचे का असली था. बाकी सारे कागज के टुकड़े. पीडि़त बेटे के साथ आधारताल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए टीआई प्रवीण कुमरे टीम के साथ सबसे पहले एसबीआई बैंक पहुंचे और अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बुजुर्ग के आसपास दो युवकों को देखा जो उनसे बात भी कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि ठगों की तलाश कर ली गई है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ठगों की हुई शिनाख्त-
टीआई प्रवीण कुमरे का कहना है कि बुजुर्ग के साथ ठगी करने वालों को शिनाख्त कर ली गई है. दोनों जबलपुर के ही हैं. पुलिस की दो टीम आरोपियों को पकडऩे के लिए रवाना हो गई हैंए जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी. टीआई ने बताया कि 64 वर्षीय बुजुर्ग मानसिक रूप से भी कमजोर है. जिसका फायदा ठगों ने उठाया और 98 हजार रुपए हड़प लिए.

