जबलपुर में बिल्डर पर प्राणाघातक हमला, रुपए न देने पर तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

जबलपुर में बिल्डर पर प्राणाघातक हमला, रुपए न देने पर तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

प्रेषित समय :17:34:13 PM / Sat, Mar 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अधारताल स्थित सुशीला परिसर गेट के पास तीन बदमाशों ने बिल्डर संदीप गुप्ता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में संदीप के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. वारदात उस वक्त हुई है जब वे साइट से लौटकर अपने घर जा रहे थे.

बताया गया है कि बिल्डर संदीप गुप्ता आज सुबह अपनी साइट से घर जाने के लिए निकले. जैसे ही वे सुशीला परिसर गेट के पास पहुंचे तभी तीन बदमाशों ने संदीप को रोककर रुपए की मांग की. संदीप के मना करने पर बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनके पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं. हमले के बाद संदीप ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों को आता देख आरोपी भाग निकले. स्थानीय लोगों ने घायल बिल्डर को तुरंत दमोह नाका स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. पीडि़त संदीप गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना गोहलपुर स्थित अपनी निर्माणाधीन साइट पर जाते हैं.

आज भी वे काम देखकर लौट रहे थे, तभी गेट पर खड़े तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और पैसे मांगने लगे. मना करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया. संदीप ने यह भी बताया कि एक दिन पहले शुक्रवार को भी उन्हें कुछ लोगों के फोन आए थे, जिनमें रुपए की मांग की जा रही थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-