नई दिल्ली. रेलवे कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। 8वें वेतन आयोग से पहले ही रेलवे मंत्रालय ने रनिंग स्टाफ को मिलने वाले महत्वपूर्ण भत्तों में संशोधन कर दिया है, जिससे हजारों कर्मचारियों की आय में सीधा इजाफा होगा। यह निर्णय खास तौर पर लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट, गार्ड और अन्य रनिंग स्टाफ के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।
रेलवे मंत्रालय द्वारा किलोमीटर अलाउंस (Kilometrage Allowance) और इसके स्थान पर दिए जाने वाले ALK (Allowance in lieu of Kilometrage) की दरों में वृद्धि की गई है। यह संशोधन 1 जनवरी 2024 से प्रभावी माना जाएगा, जिससे कर्मचारियों को एरियर का भी लाभ मिलने की संभावना है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। सरकारी नियमों के अनुसार, जब डीए 50 प्रतिशत होता है, तब कुछ भत्तों का पुनरीक्षण किया जाता है।
नई दरों के तहत मेल ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट को अब 100 किलोमीटर पर 606 रुपये और 160 किलोमीटर के हिसाब से 969 रुपये तक ALK मिलेगा। इसी प्रकार पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी (गुड्स ट्रेन) के लोको पायलटों के लिए भी भत्तों में बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा शंटिंग स्टाफ और असिस्टेंट लोको पायलट को भी नई दरों का लाभ मिलेगा।
सिर्फ लोको पायलट ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक रनिंग स्टाफ जैसे गार्ड्स को भी इस फैसले का फायदा मिलेगा। मेल एक्सप्रेस गार्ड, पैसेंजर गार्ड और गुड्स गार्ड के भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे उनके वेतन में वृद्धि होगी।
यह बदलाव लंबे समय से रेलवे कर्मचारी संगठनों की मांग पर किया गया है। ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (NFIR) लगातार इस मुद्दे को उठा रहे थे। आखिरकार रेलवे बोर्ड ने इस पर विचार करते हुए वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद नई दरों को लागू किया।
हालांकि रेलवे मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस संशोधन में केवल भत्तों की दरों में बदलाव किया गया है। अन्य नियम, पात्रता और भुगतान की प्रक्रिया पहले की तरह ही लागू रहेगी।
कुल मिलाकर, यह फैसला रेलवे कर्मचारियों के लिए आर्थिक राहत लेकर आया है और माना जा रहा है कि इससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

