अनिल मिश्र/गया. चैती छठ के पावन अवसर पर सिक्स लेन पुल के पूर्वी छोर लक्खीबाग-जनकपुर क्षेत्र से “स्वच्छ फल्गु, स्वच्छ गयाजी” अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अभियान का उद्देश्य ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाली फल्गु नदी की स्वच्छता और सुंदरता को बनाए रखना है.
अभियान के संयोजक विजय कुमार मिट्ठू, सह संयोजक विनोद कुमार, राम प्रमोद सिंह, रवीन्द्र कुमार सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि फल्गु नदी, जो विश्व प्रसिद्ध और मोक्षदायिनी मानी जाती है, आज घनी आबादी वाले क्षेत्रों में झाड़ियों, कचरे और नालों के गंदे पानी के कारण प्रदूषित होती जा रही है. इसे स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि सप्ताह में एक दिन, विशेष रूप से रविवार को, एक से दो घंटे का श्रमदान कर नदी की सफाई में सहयोग करें. अभियान के तहत शहर के विभिन्न घाटों और इलाकों में जनजागरूकता फैलाने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें.
अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि फल्गु नदी के पूर्वी और पश्चिमी छोर के कई मोहल्लों और घाटों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर नागरिकों को सफाई के लिए प्रेरित किया जाएगा. इसके साथ ही सरकार से फल्गु नदी के दोनों किनारों पर मैरीन ड्राइव निर्माण की मांग भी उठाई जाएगी, जिससे क्षेत्र का विकास हो सके और नदी की सुंदरता भी बढ़े.
इस पहल को स्थानीय लोगों का समर्थन मिल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि सामूहिक प्रयास से फल्गु नदी को फिर से स्वच्छ और आकर्षक बनाया जा सकेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

