सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार 25 मार्च की देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 युवकों की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई. दोनों ही हादसे 4 घंटे के अंतराल में हुए हैं. पहला हादसा बंडा रोड पर सौरई फैक्ट्री के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं, दूसरा हादसा रात करीब 12 बजे खेल परिसर के पास हुआ, जहां पीलीकोठी घाटी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 2 युवकों की जान चली गई. पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर फरार डंपर की तलाश शुरू कर दी है.
डंपर की टक्कर से 3 युवकों की मौत
सागर के बंडा रोड पर स्थित ग्राम सौरई में फैक्ट्री के पास हाईवे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक (एमरी 15 जेडपी 0832) को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार तीन युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे. सिर में गंभीर चोट आने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. राहगीरों की सूचना पर एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शवों का पंचनामा बनाकर एंबुलेंस की मदद से बंडा अस्पताल भेजा गया.
पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को थाने पहुंचाया है. टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया. प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान प्रयांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय (निवासी पठार मोहल्ला, बंडा) के रूप में हुई है. पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है.
खेल परिसर के पास ट्रक ने बाइक को रौंदा, 2 की मौत
दूसरा हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे खेल परिसर के सामने हुआ. पीलीकोठी घाटी से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर से बाइक सवार दो युवक उछलकर सड़क पर गिरे. इनमें से एक युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दूसरा युवक ट्रक के नीचे फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना देख राहगीरों ने ट्रक को रोककर ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

