यूपी: कौशाम्बी में मां शीतला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप के उड़े परखच्चे, 7 लोगों की मौत

यूपी: कौशाम्बी में मां शीतला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप के उड़े परखच्चे, 7 लोगों की मौत

प्रेषित समय :18:43:28 PM / Fri, Mar 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कौशांबी. उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शुक्रवार को एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक भारी-भरकम ट्राला में पीछे से जा घुसी. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए. इस खौफनाक हादसे में पिकअप में सवार महिलाओं और बच्चों समेत कुल 25 लोगों में से 7 लोगों की जान चली गई. बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल इन 7 लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

रामनवमी पर दर्शन कर वापस लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में सवार सभी लोग फतेहपुर जिले के मलवा क्षेत्र स्थित बड़ोखर गांव के रहने वाले थे. शुक्रवार सुबह रामनवमी के पावन अवसर पर ये सभी श्रद्धालु एक पिकअप बुक करके कड़ा धाम स्थित मां शीतला के दर्शन और पूजन के लिए आए थे. दर्शन करने के बाद सभी भक्तिभाव से अपने घर वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उन्हें अपना शिकार बना लिया. इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही मृतकों के गांव और परिवारों में चीख-पुकार मच गई है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

हाईवे पर मची चीख-पुकार

यह रोंगटे खड़े कर देने वाली दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब पौने चार बजे डोरमा पेट्रोल पंप के पास हुई. टक्कर के तुरंत बाद हाईवे पर घायलों की दर्दनाक चीख-पुकार मच गई, जिसे देखकर वहां से गुजरने वाले हर शख्स की रूह कांप गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मौके पर चार एंबुलेंस लगाई गईं. इस भयानक दुर्घटना और बचाव कार्य के चलते हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने बाद में कड़ी मशक्कत से खुलवाया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-