जबलपुर: एसपी बंगले के समीप चलती कार में लगी आग, आरक्षक की सतर्कता से टला हादसा

जबलपुर: एसपी बंगले के समीप चलती कार में लगी आग, आरक्षक की सतर्कता से टला हादसा

प्रेषित समय :19:20:27 PM / Fri, Mar 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. सिविल लाइन स्थित एसपी बंगले के पास  शुक्रवार की शाम को करीब 5 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सफेद कार में अचानक ही आग लग गई. जिसके बाद उसमें सवार लोग फौरन कार से उतरे और दूर जाकर खड़े हो गए. कार में लगी आग तेज से बढ़ रही थी, जिसके चलते वहां से निकल रहे लोगों ने अपनी-अपनी गाड़ी दूर खड़ी कर ली.

इसी बीच एसपी बंगले में तैनात पुलिस कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत ही कार में लगी आग को बुझाया. दरअसल आज शाम को एक सफेद कार ब्रेजा एमपी 20 जेडजे 0374 लोहिया पुल से सिविल लाइन तरफ जा रही थी. जैसे ही यह कार एसपी बंगले के पास पहुची, तभी उसमें आग लग गई. कार चालक तुरंत ही नीचे उतरा और दूर जाकर खड़े हो गया.

यह घटना वहां पर मौजूद पुलिसकर्मी देख रहे थे, जिन्होंने बिना देरी किए फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से कार में लगी आग को बुझाना शुरू किया, और करीब 15 से 20 मिनट में कार में लगी को बुझा दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिसकर्मी की त्वरित सूझबूझ से एक बड़ी घटना टल गई. एसपी बंगले में मौजूद पुलिसकर्मी आरक्षक शिवराज, आरक्षक सौरभ तिवारी, आरक्षक दीपक कनौजिया, मुकेश परिहार एवं पवन तिवारी की तत्परता आग पर काबू पाया जा सका.