महू. एमपी के महू में एक कार में भीषण आग लग गई. आगजनी में एक चार साल के बच्चे की जलकर दर्दनाक मौत हो गई. घटना सिमरोल थाना क्षेत्र में इंदौर खंडवा रोड पर सेल सिटी के समीप हुई. यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई. हादसे में एक बच्चा बुरी तरह जल गया, जिससे उसकी जान चली गई. आग लगने की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस मौके पर पहुंची.
सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री के अनुसार, इंदौर खंडवा रोड पर सेल सिटी के समीप सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई थी. आग लगने से कार में मौजूद बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि, बच्चे के पिता का एक अन्य वाहन खराब हो गया था. जिसे सुधारने के लिए वे मौके पर पहुंचे थे. बच्चे के पिता और मैकेनिक द्वारा दूसरी गाड़ी को सुधारा जा रहा था. इस दौरान बच्चा अकेला कार में मौजूद था. कार में संभवत शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई और आग तेजी से फैल गई. जिसके चलते कार में मौजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका. पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है.
4 साल के बच्चे की मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार कार सड़क के किनारे खड़ी थी जिसमें अचानक आग लग गई. आग बुझाने के लिए बेहद प्रयास किए गए. इस दौरान कार में मौजूद बच्चे की जलने से मौत हो गई. सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है. वही जांच के बाद बच्चे का शव इंदौर जिला अस्पताल भेजा गया. प्रारंभिक तौर पर कार में शार्ट सर्किट के चलते आग लगना बताया जा रहा है. दरअसल गर्मी के दिनों में गाडिय़ों में अचानक शॉर्ट सर्किट होने और इंजन के गर्म होने के चलते आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

