अब समस्तीपुर से तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए डायरेक्ट ट्रेन, यहां देखें रूट चार्ट और शेड्यूल

अब समस्तीपुर से तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए डायरेक्ट ट्रेन, यहां देखें रूट चार्ट और शेड्यूल

प्रेषित समय :18:16:24 PM / Mon, Mar 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

समस्तीपुर. रक्सौल से समस्तीपुर के रास्ते तिरुपति तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन को अब स्थायी कर दिया गया है. रेलवे ने ट्रेन संख्या 07051/07052 स्पेशल सेवा को नियमित ट्रेन का दर्जा देते हुए इसे नई ट्रेन संख्या 17434/17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है.

इस संबंध में रेल मंत्री द्वारा आधिकारिक पत्र जारी किया गया है, जिसमें इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की मंजूरी दी गई है. लंबे समय से इस ट्रेन को स्थायी करने की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है.

ट्रेन का नया टाइम टेबल

नई समय-सारणी के अनुसार, यह ट्रेन तिरुपति से प्रत्येक शनिवार को तथा रक्सौल से प्रत्येक मंगलवार को चलेगी. समस्तीपुर जंक्शन होकर गुजरने वाली इस ट्रेन से जिले सहित आसपास के यात्रियों को सीधा दक्षिण भारत तक सफर करने की सुविधा मिलेगी.

यह ट्रेन रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, जसीडीह, धनबाद, रांची, बिलासपुर, दुर्ग, चंदा फोर्ट, बल्लारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, रायचूर और गुंटकल जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव के साथ चलेगी. पहले यह सेवा स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित की जा रही थी, लेकिन यात्रियों की बढ़ती मांग और उपयोगिता को देखते हुए रेलवे ने इसे स्थायी कर दिया है.

इस फैसले से समस्तीपुर मंडल के यात्रियों, खासकर तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी. अब उन्हें बार-बार स्पेशल ट्रेन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि नियमित ट्रेन सेवा का लाभ मिल सकेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-