आधुनिक तकनीक और संवेदनशीलता के साथ नई पहचान गढ़ रही छत्तीसगढ़ पुलिस: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

आधुनिक तकनीक और संवेदनशीलता के साथ नई पहचान गढ़ रही छत्तीसगढ़ पुलिस: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

प्रेषित समय :16:35:40 PM / Tue, Mar 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. विष्णु देव साय ने आज चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में उप निरीक्षक संवर्ग के दीक्षांत (पासिंग आउट परेड) समारोह में शामिल होकर प्रशिक्षुओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली, साथ ही सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी.

इस बैच में कुल 859 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा किया, जिनमें सूबेदार, उप निरीक्षक (जीडी, कंप्यूटर, रेडियो, अंगुली चिन्ह, एसबी) और प्लाटून कमांडर शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन सभी प्रशिक्षुओं के जीवन का एक महत्वपूर्ण और यादगार पड़ाव है, जहां से वे राज्य और राष्ट्र सेवा के लिए अपने कर्तव्यों की शुरुआत कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि कठोर प्रशिक्षण के बाद अब इन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ है, जो उन्हें एक सक्षम पुलिस अधिकारी बनाएगा. मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा को अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए कहा कि इसका मूल आधार सत्यनिष्ठा और जनता का विश्वास है. उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं. भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है और साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष इकाइयाँ स्थापित की गई हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य की पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि एक सक्रिय सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेगी.

उन्होंने नए आपराधिक कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहला बैच है जिसने इन नई व्यवस्थाओं के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जिससे न्याय व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी.

मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में स्मार्ट, तकनीक-संचालित और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों के साथ-साथ पुलिस का व्यवहार और मानवीय दृष्टिकोण ही जनता का विश्वास जीतने में सबसे अहम भूमिका निभाता है.

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ पुलिस को और मजबूत बनाएंगे. उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे ऐसा वातावरण तैयार करें जिसमें अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे.

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया. इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-