करमचंद चौक में आग का तांडव 8 घंटे तक मची तबाही, सीओडी की हाईटेक फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

करमचंद चौक में आग का तांडव 8 घंटे तक मची तबाही, सीओडी की हाईटेक फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

प्रेषित समय :19:31:38 PM / Tue, Mar 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर.हृदय स्थल करमचंद चौक पर सोमवार की रात उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई जब एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग भड़क उठी. म्यूजिक शोरूम और कपड़ों के गोदाम को अपनी चपेट में लेने वाली इस आग ने कुछ ही मिनटों में इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे रिहायशी और कारोबारी इलाके में हड़कंप मच गया. रात करीब 10 बजे शुरू हुआ यह अग्निकांड मंगलवार की सुबह 4 बजे तक जारी रहा, जिसे बुझाने के लिए नगर निगम के अमले को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा. आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकल की लगभग 40 गाड़ियों का पानी उड़ेलने के बाद भी जब लपटें काबू में नहीं आईं, तो प्रशासन को रात 2 बजे सुरक्षा संस्थान (सीओडी) से विशेष हाईटेक फायर ब्रिगेड वाहन बुलाना पड़ा. इस आधुनिक वाहन द्वारा बिल्डिंग के चारों ओर से की गई मूसलाधार बौछारों के बाद ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका.

म्यूजिकल पैलेस और सिमराज स्पोर्ट्स के संचालक राजेश गंगवानी के अनुसार, वे रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान मंगल कर घर पहुंचे ही थे कि उन्हें आग लगने की सूचना मिली. जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग ने उनके शोरूम के साथ-साथ पास ही स्थित सरल जैन के अतिथि कलेक्शन गोदाम को भी अपनी जद में ले लिया था. कपड़ों और वाद्य यंत्रों में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक व लकड़ी के कारण आग तेजी से फैली और पूरे इलाके को घने काले धुएं ने अपनी आगोश में ले लिया. इस भीषण हादसे में करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर खाक होने का अनुमान जताया जा रहा है. संकट की इस घड़ी में चार थानों की पुलिस, बिजली विभाग के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा संभाला, जिससे पास स्थित अस्पतालों और रिहायशी मकानों तक आग को फैलने से रोका जा सका.

अग्निकांड के दौरान सबसे बड़ी चुनौती तंग गलियों और दमकल वाहनों की सीधी पहुंच न होना रही, जिसके कारण फायर फाइटर्स को मशक्कत करनी पड़ी. सुबह 4:30 बजे जब स्थिति सामान्य मानकर बल वापस लौटा, तो करीब 9 बजे गोदाम के ऊपरी हिस्से में दोबारा लपटें उठने से क्षेत्र में फिर से दहशत फैल गई. हालांकि, सतर्क पुलिस और फायर अमले ने तुरंत सक्रिय होकर एक घंटे के भीतर दोबारा भड़की इस आग को पूरी तरह शांत कर दिया. शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन संकरे बाजार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और फायर ऑडिट की कमी एक बार फिर बड़े सवालों के घेरे में है. फिलहाल, क्षेत्र के व्यापारी और रहवासी इस 8 घंटे लंबे चले तांडव से सदमे में हैं और प्रशासन नुकसान के विस्तृत आकलन में जुटा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-