जबलपुर. राजनीतिक हलकों में उस समय हर्ष की लहर दौड़ गई जब भारतीय जनता पार्टी के सांगठिनक विस्तार के तहत जिले के तीन प्रमुख चेहरों को प्रदेश स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति और प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल की आधिकारिक घोषणा के बाद बरगी विधायक नीरज सिंह, सिहोरा विधायक संतोष बरकडे़ और प्रखर वक्ता डॉ. वाणी अहलूवालिया को भाजपा मीडिया विभाग में प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है. पार्टी के इस कदम को आगामी समय में संचार रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाने और क्षेत्रीय नेतृत्व को प्रदेश स्तर पर मुखर आवाज देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
विधायक नीरज सिंह और संतोष बरकडे़ की पहचान अपने क्षेत्रों में सक्रिय और जमीनी पकड़ रखने वाले नेताओं के रूप में है, जबकि डॉ. वाणी अहलूवालिया अपने बौद्धिक कौशल और स्पष्ट वाक्पटुता के लिए जानी जाती हैं. इन नियुक्तियों पर खुशी जाहिर करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने सभी नवनियुक्त प्रवक्ताओं को बधाई दी है. उन्होंने विश्वास जताया कि इन नेताओं के पास मौजूद अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन के प्रचार-प्रसार तंत्र को न केवल मजबूती मिलेगी, बल्कि सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुँचाने के कार्यों को भी एक नई दिशा और गति प्राप्त होगी.
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे योग्यता का सम्मान बताया है. जानकारों का मानना है कि जबलपुर से तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति से महाकौशल क्षेत्र की समस्याओं और उपलब्धियों को प्रदेश स्तर पर बेहतर ढंग से रखने में मदद मिलेगी. इस नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यालय में उत्सव का माहौल रहा और समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर नवनियुक्त प्रवक्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

