रायपुर. रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में शनिवार को लिफ्ट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग लगते ही लिफ्ट से उठता धुआं तेजी से पूरे परिसर में फैल गया, जिससे रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया.
घटना के समय कई लोग अपने-अपने फ्लैट में मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले लिफ्ट से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग भड़क उठी.
सिक्योरिटी गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कॉलोनीवासियों को अलर्ट किया. गार्ड और रहवासियों ने मिलकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया.
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग नियंत्रित की जा चुकी थी. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि लिफ्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.
इसी दिन भनपुरी क्षेत्र में एक पुराने तंबाखू गोदाम में भी आग लगने की घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि कचरा जलाने के कारण कई वर्षों से बंद पड़े गोदाम में आग भड़क उठी. दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया.
प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है. घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने भवनों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच करवाएं और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

