जबलपुर. माढ़ोताल क्षेत्र में बीच सड़क पर बैठकर सिगरेट पीते हुए युवकों ने पिस्टल निकाल दनादन फायर किए. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस अधिकारी एक्शन में आ गए. उन्होने जांच के बाद युवकों को पकड़कर जुलूस निकालकर उठक-बैठक लगवाई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले शाम 7.30 बजे के लगभग माढ़ोताल क्षेत्र में रितिक जायसवाल अपने साथी के साथ पहुंचा और बीच सड़क पर मोटर साइकल खड़ी कर बैठ गया. कुछ पल बाद सिगरेट जलाकर पीने लगा. फिर जेब से पिस्टल निकालकर दनादन फायर किए. फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया. वहीं इस घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पुलिस अधिकारियों तक यह वीडियो पहुंचा तो उन्होने थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दि. आज पुलिस ने जांच के बाद आरोपी रितिक, प्रथम और उसके एक और साथी को गिरफ्तार किया.
इसके बाद माढ़ोताल क्षेत्र में आरोपियों से उठक-बैठक लगवाई. माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि वीडियो मरघटाई के पास टगर माढ़ोताल क्षेत्र का है. इसमें रितिक जायसवाल निवासी सत्यम होम्स माढ़ोताल और प्रथम सिंह राजपूत निवासी कचनार सिटी विजय नगर सिगरेट पीते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में रितिक पिस्टल से फायर करता हुआ नजर आ रहा है. आज पुलिस ने रितिक जायसवाल व प्रथम सिंह राजपूत ने पूछताछ में घटना को स्वीकार किया. रितिक ने बताया कि उसने 3-4 महीने पहले हनुमानताल निवासी जब्बार खान से पिस्टल ली थी और दो दिन पहले उसे वापस कर दी थी. इसके बाद पुलिस ने जब्बार खान को भी हिरासत में लिया.
अवैध वसूली और हत्या के प्रयास के प्रकरण-
पुलिस ने आरोपियों से एक आईफोन और एक यामाहा बाइक जब्त की है. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. प्रथम सिंह राजपूत के खिलाफ पहले से अवैध वसूली और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं. जबकि रितिक जायसवाल पर हत्या के प्रयास का प्रकरण पहले से दर्ज है. पुलिस के अनुसार जिस स्थान पर हवाई फायरिंग की गई, वह एक सार्वजनिक सड़क और रिहायशी कॉलोनी है. जहां लोगों का लगातार आवागमन रहता है. जांच में यह भी सामने आया कि रितिक के पास किसी प्रकार का वैध हथियार लाइसेंस नहीं है. इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और बीएनएस की धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

