अनिल मिश्र/ पटना. बिहार के किशनगंज जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान पर अपने ही साथी की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है. यह घटना ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में स्थित एसएसबी की 19वीं बटालियन परिसर से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके और सुरक्षा बल के बीच हड़कंप मचा दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल उसी 19वीं बटालियन में तैनात था, जहां पीड़िता के पिता भी कार्यरत हैं. बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को आरोपी ने मौका पाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया. घटना के सामने आने के बाद बटालियन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मामले की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सीधे किशनगंज जेल भेज दिया है. इस घटना ने सुरक्षा बलों की कार्यशैली और आंतरिक अनुशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर जरूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है ताकि अदालत में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके.
इस मामले की पुष्टि करते हुए किशनगंज ग्रामीण क्षेत्र के एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस केस में तेजी से जांच कर रही है और मजबूत चार्जशीट तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है.
घटना के बाद से बटालियन और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में बताया है. सुरक्षा एजेंसियों ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक स्तर पर जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि जिन पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, अगर वही इस तरह के अपराध में लिप्त पाए जाएं, तो यह बेहद चिंताजनक है. वहीं, प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और दोषी को कानून के मुताबिक सख्त सजा दिलाई जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

