छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगली हाथी के हमले में 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, पिंकी कुमारी अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थी और शनिवार सुबह करीब 6 बजे महुआ बीनने जंगल गई थी. इसी दौरान करीब 22 हाथियों के झुंड से बिछड़ा एक दंतैल हाथी अचानक उसके सामने आ गया और उस पर हमला कर दिया. हमले में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के समय साथ मौजूद एक व्यक्ति किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा और गांव पहुंचकर लोगों को इसकी सूचना दी. ग्रामीणों ने बताया कि हाथी के आने की खबर मिलते ही सभी लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन पिंकी का कोई पता नहीं चला. बाद में तलाश करने पर उसका शव जंगल में मिला.
बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड इलाके में लगातार घूम रहा है, जिससे ग्रामीण पहले से ही दहशत में थे. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. प्रशासन ने परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी के दौरान जंगल जाने से बचें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

