सिवनी कार में रखी 25 किलो चांदी, 30 तोला सोने के गहने और कैश से भरे दो बैग लेे गया चोर, हड़कम्प

सिवनी कार में रखी 25 किलो चांदी, 30 तोला सोने के गहने और कैश से भरे दो बैग लेे गया चोर, हड़कम्प

प्रेषित समय :11:22:40 AM / Sun, Apr 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सिवनी. एमपी के सिवनी जिले से से 25 किमी दूर बरघाट नगर के बस स्टैंड में 4 अप्रैल शनिवार की रात लगभग 8 बजे एक सराफा व्यापारी की कार में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर तथा नकदी रुपयों से भरे दो बैग अज्ञात चोर ने चंद सेकंड में पार कर दिया. दरअसल घर लौटने व्यापारी दिलीप महाजन ने अपनी कार में 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना के जेवर तथा 2 से 3 लाख रुपये नकदी से भरा बैग रखकर दुकान में ताला लगा रहे थे.

इसी बीच अज्ञात चोर ने फिल्मी अंदाज में कार का दरबाजा खोला और दोनों बैग लेकर चंपत हो गया. ताला लगाकर लौटने पर कार का दरवाजा खुला देखकर व्यापारी के होश उड़ गए. इसके बाद बस स्टैंड क्षेत्र में चोरी की इस बड़ी घटना से हड़कंप मच गया. बस स्टैंड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में सफेद रंग की शर्ट पहना युवक कार का दरवाजा खोलकर दोनों बैग निकालकर ले जाता दिखाई दे रहा हैं.

बाइक से बालाघाट की ओर भागा

कुछ दूर पैदल चलने के बाद चोर अपने एक सहयोगी की बाइक में सवार होकर बालाघाट की ओर भागता दिख रहा हैं. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात चोरों की छानबीन शुरू कर दी हैं. आसपास के जिलों से संपर्क कर अज्ञात चोर की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा भी रात में बरघाट पहुंच गए. लाखों रुपये के सोना-चांदी के जेवर लेकर फरार हुए चोर को पकडऩे पुलिस टीमें सघनता से जांच में जुटी हैं.

छानबीन में जुटी पुलिस की टीमें

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक रूप से सीसीटीवी में अज्ञात चोर कार से बैग को बहुत ही आसानी से उठाकर भागता दिख रहा हैं. बरघाट टीआई मोहनीश सिंह बैस ने बताया कि बैग में सोना-चांदी के जेवर कितने वजन के थे, इस संबंध में व्यापारी से दस्तावेज मांगे गए हैं. फिलहाल बरघाट व अरी पुलिस की टीमें अज्ञात चोरी की खोजबीन में लगी हैं. जिस तरह से चोरी की घटना हुई उसे देखकर अंदाजा लगाया रहा है कि अज्ञात चोर सराफा व्यापारी पर नजर रख रहे थे. सराफा व्यवसायी दिलीप महाजन निकाय में पार्षद रह चुके हैं. महाजन ने 7-8 माह पूर्व ज्वेलर्स की दुकान प्रारंभ की थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-