भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लहारपुर ब्रिज के पास अज्ञात कार सवारों ने देर रात 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चलती कार से बाहर फेंक दिया. सीने में स्टेप्लर की पिन चुभी हुई थीं. खून से लथपथ थी. तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि 22 घंटे बेहोश रहने के बाद अब महिला हॉस्पिटल से लापता हो गई है. मामला बाग सेवनिया थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे एक तेज रफ्तार कार लहारपुर ब्रिज के पास नाले के किनारे पहुंची. कार की रफ्तार धीमी करते ही आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को बाहर फेंक दिया. कार को तेजी से लेकर फरार हो गए. इस पूरी घटना को एक स्थानीय महिला ने देखा. उसने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी. इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने एक स्वयंसेवी संस्था चित्रांश ह्यूमन वेलफेयर को सूचना दी, ताकि घायल महिला की मदद की जा सके.
बेहोशी में सलकनपुर बोल रही
महिला बेहोशी की हालत में है और अपना नाम नहीं बता पा रही है. वह केवल सलकनपुर शब्द ही बोल पा रही है. उसके हाथ पर नाम गुदा हुआ मिला है. हालांकि, वह कहां की रहने वाली है और उसकी पहचान क्या है. यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
संस्था और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाई गई
सूचना मिलते ही संस्था के मोहन सोनी और पारस मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस की मदद से घायल महिला को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रहे पुलिस
पुलिस का कहना है कि महिला के बयान सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके. फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इधर, बाग सेवनिया थाने के प्रभारी अमित सोनी के मुताबिक महिला के लापता होने की सूचना मिली है. सूचना की तस्दीक कराई जा रही है. महिला को तलाशने के प्रयास किया जा रहे हैं. फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

-—-CBI-Takes-Action.jpg)