रायपुर. छत्तीसगढ़ में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है. अब जिले में रहने वाले छात्रों को 5 किलो का छोटा एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए छात्रों को केवल आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा.
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्टरेट स्थित रेडक्रॉस हॉल में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने जिले के एलपीजी वितरकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो.
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को नियमानुसार वितरण किया जा रहा है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति वितरण व्यवस्था में बाधा डालता है या डिलीवरी कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इसके साथ ही अस्पतालों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और अन्य सामाजिक संस्थानों में गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद ही अगली गैस बुकिंग संभव होगी.
वहीं, वर्तमान में नए गैस कनेक्शन और सिंगल-डबल कनेक्शन पर अस्थायी रोक लगी हुई है. इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, जिले में पर्याप्त गैस उपलब्ध है और सभी को नियमों के अनुसार सिलेंडर दिया जाएगा.
प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से बचने की सलाह दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

