शादी के अगले ही दिन दूल्हे की दर्दनाक मौत, टेंट का सामान ले जाते समय हुआ हादसा

शादी के अगले ही दिन दूल्हे की दर्दनाक मौत, टेंट का सामान ले जाते समय हुआ हादसा

प्रेषित समय :15:23:39 PM / Sat, Apr 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जशपुर. जशपुर जिला से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां एक ही दिन में मातम में बदल गईं. नवविवाहित युवक की टेंट का सामान पहुंचाने के दौरान हुए सड़क हादसे में मौत हो गई.

मृतक की पहचान देवांगन सिदार के रूप में हुई है, जिसकी शादी घटना से महज एक दिन पहले ही हुई थी. बताया जा रहा है कि वह अपनी ही शादी में इस्तेमाल हुआ टेंट का सामान पास के गांव छोड़ने ट्रैक्टर से जा रहा था. उसके साथ तीन अन्य युवक भी मौजूद थे.

रास्ते में ढलान पर अचानक ट्रैक्टर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि चारों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देवांगन की हालत गंभीर देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया. लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है.

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. जिस घर में एक दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी भी अभी फीकी नहीं पड़ी थी कि यह दर्दनाक हादसा हो गया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-