बलरामपुर. लंबे समय से फरार चल रहे नक्सली मुन्ना कोरवा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करीब 13 साल से फरारी काट रहा यह आरोपी झारखंड से पकड़ा गया. उस पर बंधक बनाकर मारपीट करने और हत्या की नीयत से गोली चलाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं.
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2012 में नक्सलियों ने लातेहार निवासी लखू यादव को ग्राम पुन्दाग में अगवा कर उसके साथ मारपीट की थी. नक्सली दस्ता के सदस्य इकबाल यादव के निर्देश पर उसे जान से मारने के इरादे से गोली भी चलाई गई, लेकिन लखू यादव किसी तरह जान बचाकर भाग निकला. इस मामले में सामरीपाठ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी.
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार हो गए थे. उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं 147, 148, 149, 342, 395, 307, 120बी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. अदालत ने आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया था.
हाल ही में मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्ना कोरवा झारखंड के तेहड़ी (भण्डरिया) क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर वहां भेजी गई. टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद उसे सामरीपाठ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

