शादी से पहले दूल्हे को लगी हथकड़ी: सट्टेबाजी में लिप्त युवक गिरफ्तार, घर की खुशियां मातम में बदली

शादी से पहले दूल्हे को लगी हथकड़ी: सट्टेबाजी में लिप्त युवक गिरफ्तार, घर की खुशियां मातम में बदली

प्रेषित समय :15:06:24 PM / Sun, Apr 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब दूल्हा बनने जा रहा युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया. घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के श्रीनगर उरला इलाके की है, जहां पुलिस ने सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में मोबाइल ऐप और व्हाट्सऐप के जरिए अवैध सट्टा संचालित किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 77,020 रुपये नकद और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए.

गिरफ्तार आरोपियों में एक की पहचान सुरेंद्र उर्फ मोनू (30) के रूप में हुई, जिसकी शादी 14 अप्रैल को होने वाली थी. घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं—निमंत्रण कार्ड बंट चुके थे और परिवार में जश्न का माहौल था. लेकिन शादी से महज तीन दिन पहले उसकी गिरफ्तारी ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया.

पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र पहले से ही सट्टेबाजी के मामलों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. शादी नजदीक होने के बावजूद वह अपने अवैध धंधे से दूर नहीं रह सका और गुपचुप तरीके से सट्टा चला रहा था.

फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों के लिए एक चेतावनी भी है कि कानून से बच पाना आसान नहीं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-