खंडवा. एमपी के खंडवा शहर के जिला जेल के सामने स्थित सेल्स टैक्स (राज्य कर) कार्यालय में रविवार 12 अप्रैल की दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दफ्तर के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं. रविवार का अवकाश होने के कारण एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया.
दोपहर 2 बजे जब बिल्डिंग से काला धुआं और लपटें उठती दिखीं, तो स्थानीय रहवासियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी. मौके पर सबसे पहले कोतवाली पुलिस पहुंची. गनीमत रही कि रविवार होने की वजह से दफ्तर बंद था, अन्यथा अंदर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की जान पर बन सकती थी. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं.
झाडिय़ों की आग से भड़की
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह लापरवाही सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि परिसर में सूखी झाडिय़ों को साफ करने के लिए उनमें आग लगाई गई थी, जिसने तेज हवा के कारण विकराल रूप धारण कर लिया और सीधे बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही आधे घंटे के भीतर फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की.
सह कुछ जलकर नष्ट
जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर ज्योति ब्रह्मे ने बताया कि, सेल टैक्स और जीएसटी से जुड़े सभी कामकाज इसी दफ्तर से संचालित होते हैं. नीचे सर्कल यानी जिला कार्यालय और ऊपरी मंजिल पर डिवीजन यानी संभागीय कार्यालय था. फिलहाल तो आग की चपेट में सब कुछ आ गया हैं, कुछ भी बचा नहीं हैं. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती हैं. झाडिय़ों से आग नहीं फैली हैं, झाडिय़ों की आग पुरानी है, जो कि वर्किंग डे में हमारी मौजूदगी के दौरान ही कर्मचारियों के द्वारा साफ-सफाई के दौरान लगाई जाती हैं.

