पमरे के ब्यौहारी में ट्रेन के डिब्बे में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कम्प

पमरे के ब्यौहारी में ट्रेन के डिब्बे में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कम्प

प्रेषित समय :19:18:38 PM / Sun, Apr 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के ब्यौहारी स्टेशन पर रविवार की दोपहर स्टेशन पर खड़े चार डिब्बों में से एक में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरे कोच को आग ने अपने कब्जे में ले लिया. इस घटना से हड़कम्प मच गया.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोपहर 2.30 बजे के लगभग ब्यौहारी स्टेशन के टीएमएस साइडिंग में 4 कोच खड़े थे, जो रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों द्वारा उपयोग किये जाते थे, इसमें से दूसरे नंबर के डिब्बे में अचानक आग भड़क उठी,  जिससे निकला धुआं पूरे स्टेशन के अलावा आसपास के इलाकों में भी देखा जाने लगा, जिससे हड़कम्प मच गया.

रेल कर्मचारियों ने तुरंत ही ब्यौहारी नगर पालिका को सूचित किया. जहां से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया. इस दौरान कोच को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है. बताया जाता है कि जिस कोच में आग लगी है, उसके अंदर इंजीनियरिंग विभाग का सामान भी रखा था, जो ट्रेक मेंटेनेंस के काम में आता है.

डीआरएम आफिस क्षेत्र स्थित सिक लाइन में भी लगी आग

वहीं दूसरी आग लगने की घटना जबलपुर में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय क्षेत्र में स्थित सिक लाइन में अपरान्ह 4 बजे के लगभग लगी. बताया जाता है कि यहां पर झाडिय़ों में तेजी से आग फैली. सूखी घास व झाडिय़ों के कारण यह आग लगी. जिसे तत्काल ही यहां कार्यरत रेल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए काबू पाया. इस घटना में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-