जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में महाप्रबंधक के मार्गदर्शन और प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशानुसार तीनों मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में यात्री गाडिय़ों एवं स्टेशनों पर समय-समय पर टिकट जांच अभियान चलाकर राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है.
इन अभियानों के परिणामस्वरूप पश्चिम मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल 18 लाख 63 हजार मामले पकड़े. इन मामलों में बिना टिकट यात्रा, अनबुक्ड लगेज तथा अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे. इनसे कुल 127 करोड़ 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया है. यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त किए गए राजस्व 110 करोड़ 98 लाख रुपये की तुलना में 14.57 प्रतिशत अधिक है.
मुख्यालय एवं मंडलों पर परफॉरमेंस
मुख्यालय सीसीएम स्क्वाड : मुख्यालय के टिकट निरीक्षकों द्वारा चलाए गए टिकट जाँच अभियान में बिना टिकट/अनबुक्ड लगेज/अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वालों 35 हजार प्रकरण से 2 करोड़ 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया.
जबलपुर मंडल: वरिष्ठ अधिकारियों के रणनीति प्रबंधन से टिकट निरीक्षकों द्वारा चलाए गए जांच अभियान में 8 लाख 22 हजार प्रकरण से 59 करोड़ 75 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया हैं, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में राजस्व (47 करोड़ 15 लाख रुपए) लगभग 27 प्रतिशत अधिक है. साथ ही रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य (57 करोड़ 69 लाख रुपए) से लगभग 4 प्रतिशत की वृद्धि को भी दर्शाता हैं.
भोपाल मंडल: टिकट जांच के दौरान 6 लाख 16 हजार प्रकरण से 39 करोड़ 18 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया हैं, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में राजस्व (37 करोड़ 56 लाख रुपए) 4 प्रतिशत अधिक है.
कोटा मंडल: टिकट निरीक्षकों ने अभियान के दौरान 3 लाख 90 हजार प्रकरण से 26 करोड़ 07 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया हैं, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024- 25 की तुलना में राजस्व (24 करोड़ 12 लाख रुपए) 8 प्रतिशत अधिक है.
रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि बिना टिकट यात्रा न करें. यात्रा से पूर्व उचित टिकट अवश्य लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ के समन्वय से पश्चिम मध्य रेल द्वारा ट्रेनों में टिकट चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे.

