महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा : कार-सीमेंट मिक्सर में सीधी टक्कर में 11 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल

महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा : कार-सीमेंट मिक्सर में सीधी टक्कर में 11 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल

प्रेषित समय :15:45:47 PM / Mon, Apr 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. महाराष्ट के कल्याण-अहिल्यानगर हाईवे पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. एक ईको कार और सीमेंट मिक्सर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत मौत हो गई. इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना कल्याण-अहिल्यानगर हाईवे के एक पुल पर हुई. सीमेंट मिक्सर ट्रक और यात्रियों से भरी ईको कार के बीच भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद कार के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. 11 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. ईको कार कल्याण से मुरबाड की ओर जा रही थी और इसमें सवार सभी मृतक मुरबाड के ही निवासी बताए जा रहे हैं.

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष देखा जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि जिस पुल पर यह एक्सीडेंट हुआ, वहां एक ही लेन से वाहन आ जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे. स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि पुल को जल्दबाजी में शुरू किया गया था. इस पुल से वहां तेजी से गुजरते थे, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ. वहीं, प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि ईको कार में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे.

मुख्यमंत्री फडणवीस ने जताया दुख

इस दुखद हादसे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, राष्ट्रीय राजमार्ग 61 पर कल्याण के पास दो वाहनों की टक्कर में 11 लोगों की मृत्यु की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. हम पीडि़त परिवारों के दुख में शामिल हैं और स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं.

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-