जबलपुर के लिटिल किंगडम स्कूल में हंगामा, गोवा ट्रिप न जाने पर इंटरनल माक्र्स काटने का आरोप

जबलपुर के लिटिल किंगडम स्कूल में हंगामा, गोवा ट्रिप न जाने पर इंटरनल माक्र्स काटने का आरोप

प्रेषित समय :19:12:14 PM / Thu, Apr 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित लिटिल किंग्डम स्कूल में सीबीएसई 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद आज दोपहर हंगामा हो गया. बड़ी संख्या में अभिभावक और विद्यार्थी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे.

अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि जिन छात्रों ने स्कूल द्वारा आयोजित गोवा ट्रिप में भाग नहीं लिया, उनके आंतरिक अंक (इंटरनल मार्क्स) जानबूझकर कम कर दिए गए. उनका कहना है कि कई विद्यार्थियों को थ्योरी में 80 में से लगभग 70 अंक मिले, लेकिन आंतरिक मूल्यांकन में कम अंक मिलने से उनका कुल प्रतिशत काफी गिर गया. परिजनों ने बताया कि उन्हें पहले से ही इसकी आशंका थी. उनका आरोप है कि प्रिंसिपल ने ट्रिप में शामिल न होने पर आंतरिक अंक काटने की बात कही थी. उस समय स्कूल प्रबंधन ने इसे मजाक बताकर टाल दिया था, लेकिन अब परिणाम आने के बाद यह मामला सामने आया है.

प्रदर्शन के दौरान कुछ अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि गोवा टूर की फीस अधिक होने के कारण वे अपने बच्चों को नहीं भेज पाए. उनका कहना है कि अब उन्हें स्कूल में चीप पेरेंट्स कहकर अपमानित किया जा रहा है, जो अत्यंत आपत्तिजनक है. इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों के समर्थन में नारे लगाए. अभाविप के महानगर महामंत्री आर्यन पूंज ने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन इस मुद्दे को आगे तक उठाएगा. अभिभावकों ने आंतरिक अंक देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और पुनर्मूल्यांकन की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-