नर्मदापुरम. एमपी के नर्मदापुरम जिले के माखननगर तहसील स्थित शुक्करवाड़ा कलां क्षेत्र में तवा नहर में ओवरफ्लो पानी छोडऩे से करीब 40 एकड़ खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं. खेतों में पानी भरने से 10 से ज्यादा किसानों की मूंग की फसल खराब हो गई है.
यह स्थिति शुक्रवार रात नहर विभाग के अफसरों की गलत मॉनिटरिंग के कारण बनी. वर्तमान में किसानों की शिकायत के बाद नहर विभाग के अधिकारी केवल पानी का फ्लो कम करवाने की बात कह रहे हैं. किसानों का कहना है कि पानी बंद नहीं हुआ तो यह दूसरे खेतों तक फैलेगा, जिससे अन्य किसानों की फसल खराब होने की संभावना है.
रात भर मिला आश्वासन, सुबह तक डूब गए खेत
किसान अनिल गौर ने बताया, शुक्रवार रात से ही नहर में पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भराने लगा था. जिसकी जानकारी सब इंजीनियर, एसडीओ और ईई को दी. पर सभी ने आश्वासन दिया कि पानी बंद करवा रहे है, पर सुबह तक 30-35 एकड़ क्षेत्र के खेतों में पानी भरा गया. जिससे मूंग फसल खराब हो गई. किसानों का कहना है कि महंगी फसल बर्बाद होने से उनकी चिंता बढ़ गई है और नहर विभाग के अफसर किसानों के नुकसान व अपनी लापरवाही को नजरअंदाज कर रहे हैं.
एसडीओ बोले- मॉनिटरिंग में हुई गलती
एसडीओ पीएन दायमा ने कहा, सेमरी हरचंद तरफ से अधिक पानी छोडऩे की वजह से पानी ओवरफ्लो हुआ. उन्होंने स्वीकारा कि सेमरी हरचंद तरफ के अफसर और कर्मचारियों की गलत मॉनिटरिंग की वजह से पानी अधिक आया है. उन्होंने बताया कि रात से ही पानी कम करवा दिया है और आज (शनिवार) दोपहर तक स्थिति ठीक हो जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

