बिहार: शादी के बाद ठीक कर दूंगा, दूल्हे की धमकी पर भड़की दुल्हन, टूटा रिश्ता- जमकर चले लाठी-डंडे

बिहार: शादी के बाद ठीक कर दूंगा, दूल्हे की धमकी पर भड़की दुल्हन, टूटा रिश्ता- जमकर चले लाठी-डंडे

प्रेषित समय :18:23:49 PM / Sun, Apr 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

वैशाली. बिहार के वैशाली में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब जयमाला के ठीक बाद एक छोटी सी बात पर दोनों पक्षों में खूनी जंग छिड़ गई. जिस बैंक्वेट हॉल में कुछ देर पहले तक हंसी-ठिठोली और जश्न का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार और लाठी-डंडे चलने लगे. मामला इतना बिगड़ गया कि दूल्हे ने स्टेज पर ही दुल्हन को धमकी दे डाली, जिसके बाद गुस्से में तमतमाई दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया और बारात को बैरंग लौटना पड़ा.

दुल्हन के कमरे में घुसे बाराती, हुआ खूनी खेल

जानकारी के अनुसार, बारात बड़े ही धूमधाम से पहुंची थी और जयमाला का कार्यक्रम भी हंसी-खुशी संपन्न हो गया था. लेकिन विवाद की शुरुआत तब हुई जब जयमाला के कुछ ही देर बाद बारात पक्ष के दो युवक अचानक दुल्हन के कमरे में जा घुसे. दुल्हन पक्ष ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया और काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों युवकों को कमरे से बाहर निकाल दिया. बस इसी बात को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हॉल में कुर्सियां और लाठी-डंडे चलने लगे. इस भीषण मारपीट में कई लोगों के सिर फूट गए, लोग घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और बाहर खड़ी गाडिय़ों के शीशे तक चकनाचूर कर दिए गए.

शादी के बाद ठीक कर दूंगा, दूल्हे की धमकी, भड़की दुल्हन

इस भारी बवाल और अफरातफरी के बीच दूल्हा भी अपना आपा खो बैठा. उसने जयमाला के मंच पर ही सरेआम दुल्हन को धमकी भरे लहजे में कह दिया कि शादी के बाद वह उसे ठीक कर देगा. दूल्हे के मुंह से यह बात सुनते ही दुल्हन का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. इस खौफनाक माहौल और खुलेआम मिली धमकी के बीच दुल्हन ने दो टूक शब्दों में ऐलान कर दिया कि वह अब यह शादी किसी कीमत पर नहीं करेगी. हालात इतने तनावपूर्ण हो चुके थे कि परिवार का कोई भी सदस्य उसे फैसले से पीछे नहीं हटा सका और देखते ही देखते यह रिश्ता टूट गया.

लाखों के खर्च की भरपाई पर हुआ ये समझौता

हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसी तरह हालात पर काबू पाया. दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई. आधार कार्ड के रिकॉर्ड के अनुसार लड़की अभी बालिग ही नहीं थी, जिसके चलते यह शादी कानूनी रूप से भी संभव नहीं थी. थाने में दोनों पक्षों के बीच घंटों तक शादी के खर्च को लेकर लंबी बहस चली. लड़की पक्ष का दावा है कि उन्होंने नकद और जेवर मिलाकर करीब 9 लाख रुपये खर्च किए हैं, जबकि लड़के पक्ष ने 10 लाख रुपये से अधिक का खर्च होने की बात कही. आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में आपसी सहमति से शादी रद्द करने का फैसला हुआ और खर्च की भरपाई व लेन-देन के लिए दोनों पक्षों के बीच एक लिखित बॉन्ड तैयार कराया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-