शादी समारोह में चाकू चले, चाचा-भतीजा गंभीर, मची भगदड़, अफरातफरी

शादी समारोह में चाकू चले, चाचा-भतीजा गंभीर, मची भगदड़, अफरातफरी

प्रेषित समय :15:54:05 PM / Sun, Apr 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. गोहलपुर के अमखेरा क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में उस वक्त भगदड़ व अफरातफरी मच गई. जब शराब पीने के लिए रुपया न देने पर लकी चौधरी व रवि चौधरी पर तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. शादी समारोह में चाकूबाजी से चहल पहल के माहौल में सन्नाटा छा गया था.मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम अमखेरा निवासी लकी चौधरी के घर में बीती रात शादी कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान पड़ोस में रहने वाले नमन चौधरी, गौरव व निहाल चौधरी भी शादी में आए थे. जिन्होने लकी से कहा कि तेरे चाचा की शादी है शराब पीने के लिए रुपया दे, लकी द्वारा रुपया देने से मना करने पर तीन युवक भड़क गए और गाली गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया. अचानक किए हमले में लकी के चेहरे व आंख के पास चोट आई, लकी पर हमला होते देख चाचा रवि चौधरी पहुंच गए और समझाइश देते हुए बीच बचाव किया.

इस दौरान तीनों बदमाशों ने अपने साथी प्रिंस, बाबू व आर्यन चौधरी को आवाज देकर बुला लिया. इन सभी ने मिलकर चाचा रवि चौधरी के साथ मारपीट करते हुए उनपर भी चाकू से हमला कर दिया. हमले में रवि के शरीर भी चोटें आई. शादी समारोह में चाकूबाजी होते देख मेहमानों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई, इस बीच हमलावर धमकी देते हुए मौके से भाग निकले. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है. आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-