जबलपुर. रेलवे के पुल नंबर 1 से कांचघर रोड पर इन दिनों चल रहे अमृत जल-2 परियोजना के कार्य के लिए पाइप बिछाने के किये जा रहे काम के दौरान रविवार 19 अप्रैल को विशालकाय क्रेन दलदली जमीन में धंस कर एक ओर लुढ़क गई. जिसे लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद अन्य भारी मशीनरी के जरिये निकाला जा सका.
विदित हो कि एक दिन पहले भी कोचिंग डिपो के सामने एक डम्पर मलबे में धंस गया था, जिसे भी बमुश्किल निकाला जा सका. लगातार दो दिनों से घट रही घटना से इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हो सका कि इस रोड को पूरी तरह से बंद करके रखा गया है.
आम लोग काफी दिनों से हो रहे परेशान
इस व्यस्ततम मार्ग को बंद हुए लगभग 2 माह हो रहे हैं, लेकिन काम की गति इतनी सुस्त है कि यह मार्ग कब खुलेगा, यह जिम्मेदार भी ठीक से नहीं बता पा रहे हैं. भले ही रोजाना इस मार्ग का उपयोग करने वाले हजारों-लाखों लोग परेशान हों, उन्हें कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना-जाना करना पड़ रहा हो, इससे जिम्मेदारों को कोई सरोकार नहीं रह गया है. रेल कर्मचारी भी ड्यूटी आने-जाने में परेशान हैं, किंतु उनकी भी सुनवाई नहीं हो रही है.
रेलवे ने दिया है 15 दिनों का समय
रेलवे के कोचिंग डिपो से पुल नंबर 1 तक का काम 15 दिन के अंदर पूरा करने का आश्वासन संबंधित कंपनी के ठेकेदार ने रेल अधिकारियों के साथ मीटिंग में दिया था, किंतु उक्त समय अवधि भी दो-तीन दिन में समाप्त हो रही है, लेकिन जिस प्रकार का काम चल रहा है, उसमें भी अभी 10 दिन का वक्त और लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

