जबलपुर/कटनी. पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल अंतर्गत आने वाले कटनी रेल सेक्शन को अत्याधुनिक करने के लिए लगातार काम हो रहे हैं. अब कटनी स्टेशन के ए केबिन क्षेत्र में शनिवार 18 अप्रैल को मेगा ब्लॉक करके रेलवे ने अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मॉर्डन करने के लिए अहम कदम उठाया. लंबे समय से उपयोग में आ रही डायमंड क्रॉसिंग और रेल ट्रैक के आधुनिकीकरण के लिए यह मेगा ब्लॉक किया गया.
रेलवे के इस मेगा ब्लॉक के कारण कटनी स्टेशन से गुजरने वाली कई मेमू ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ. शनिवार सुबह से ही इंजीनियरिंग और ऑपरेशन विभाग की टीमें मौके पर मुस्तैद हो गईं. रेल कर्मियों ने बेहद फुर्ती दिखाकर काम शुरू किया. इस दौरान लेबर के साथ भारी मशीनों के साथ युद्धस्तर पर काम चलाया गया. मेगा ब्लॉक के चलते कटनी मुख्य स्टेशन तक आने वाली कई ट्रेनों को बीच रास्ते ही समाप्त कर दिया गया.
छोटे स्टेशनों पर अचानक बढ़ी भीड़
वहीं, उमरिया, झलवारा, निवार और मैहर जैसे स्टेशनों पर ट्रेनों के शॉर्ट टर्मिनेशन से यात्रियों की भीड़ बढ़ गई. बिलासपुर और सतना की ओर से आने वाली ट्रेनों को इन्हीं स्टेशनों से वापस लौटाया गया, जिससे यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा. छोटे स्टेशनों पर भी अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अव्यवस्था भी हुई. बीना से आने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिली, क्योंकि बीना-कटनी मेमू को कटनी मुड़वारा तक संचालित किया गया, जिससे शहर के नजदीक पहुंचने में सुविधा रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

