नई दिल्ली. पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में मंगलवार 21 अप्रैल की सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. जिससे लोग बुरी तरह से सहम गए. इस भूकंप से अभी तक कहीं से भी किसी प्रकार का जान या माल के नुकसान की सूचना नहीं है. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार तड़के मणिपुर के कामजोंग जिले में रिक्टर स्केल पर 5.2 तीव्रता का मध्यम भूकंप आया.
एनसीएस के मुताबिक, पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में मंगलवार सुबह 5:59 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. हालांकि, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस भूकंप से किसी भी प्रकार की संपत्ति या जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है. अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन 'आफ्टर शॉक' यानी भूकंप के बाद आने वाले हल्के झटकों के लिए सतर्क है.
एनसीएस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें उसने बताया कि इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.2 रही. ये भूकंप 21 अप्रैल की सुबह 5 बजकर 59 मिनट और 33 सेकंड पर आया. भूकंप का केंद्र 24.703 उत्तर अक्षांश और 94.415 पूर्व देशांतर पर रहा. ये भूकंप जमीन के नीचे 62 किमी की गहराई में मणिपुर के कामजोंग में आया.


