एमपी के बड़वानी में दर्दनाक हादसा: बारातियों से भरे वाहन को टैंकर ने मारी टक्कर, 5 की मौत, 3 गंभीर घायल

एमपी के बड़वानी में दर्दनाक हादसा: बारातियों से भरे वाहन को टैंकर ने मारी टक्कर, 5 की मौत, 3 गंभीर घायल

प्रेषित समय :19:40:49 PM / Tue, Apr 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बड़वानी. एमपी के खंडवा-बड़ौदा हाईवे खरगोन-बड़वानी रोड पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास मंगलवार 21 अप्रैल की दोपहर को एक भीषण सड़क हादसे में पांच बारातियों की मौत हो गई. इस दुर्घटना में 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी मृतक और घायल राजपुर क्षेत्र में आई एक बारात में शामिल होने के बाद लौट रहे थे.

पुलिस के अनुसार जलगौन से बारात राजपुर आई हुई थी. बारात में शामिल एक चार पहिया वाहन का डीजल खत्म हो गया था. वाहन में सवार युवक डीजल लेने के लिए जुलवानिया गए थे. डीजल लेकर वापस राजपुर की ओर लौटते समय जुलवानिया टोल प्लाजा के पास खरगोन की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई. सूचना मिलते ही जुलवानिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. सभी चार घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया ले जाया गया. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया. तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बड़वानी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

हादसे में इन लोगों की हुई मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सचिन गोकूल वास्कले 25 वर्ष निवासी पटेलपुरा साकड़), प्रदुम्य पुत्र गुलीचंद सहते 25 वर्ष निवासी सालखेड़ा, पप्पू पुत्र हिरालाल 29 वर्ष निवासी लिम्बई और आकाश पुत्र दयाराम 25 वर्ष निवासी रालामंडल, यशवंत सुपडिय़ा निवासी जलगोन के रूप में हुई है. घायलों में सुरेश मांगीलाल निवासी देवझिरी, सोहन झाबर निवासी सालखेड़ा शामिल हैं. थाना प्रभारी जुलवानिया राम कुमार पाटिल ने बताया कि हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-