छत्तीसगढ़: चोरी के शक में अमानवीय सजा-दंपती को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, जांच में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़: चोरी के शक में अमानवीय सजा-दंपती को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, जांच में जुटी पुलिस

प्रेषित समय :16:21:18 PM / Fri, Apr 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अंबिकापुर संभाग के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव में चोरी के संदेह में एक युवक और उसकी पत्नी के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया। ग्रामीणों ने युवक को अर्धनग्न कर, सिर के बाल आंशिक रूप से मुंडवाकर उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और दोनों को पूरे गांव में घुमाया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कल्याणपुर निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद रहमान ताज पर सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का शक जताया गया था। इसी के चलते गांव के कुछ लोगों ने उसे पंचायत में बुलाया। जब वह अपनी पत्नी के साथ पस्ता गांव पहुंचा, तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर सजा देने लगे।

पीड़ित की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद युवक के पिता शमसुद्दीन ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनके बेटे पर झूठा आरोप लगाकर उसे बेइज्जत किया गया।

मामले में सरपंच पति विश्वनाथ सिंह का कहना है कि उन्होंने भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। वहीं, एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने घटना को गंभीर और अमानवीय बताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक पर पहले भी गांव में चोरी के इरादे से आने का संदेह जताया गया था, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-