यूपी : दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकराई, 5 लोगों की मौत

यूपी : दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकराई, 5 लोगों की मौत

प्रेषित समय :11:30:11 AM / Sat, Apr 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के थाना दोहरीघाट क्षेत्र के बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. रांची से अपनी बेटी की शादी कर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही  मौत हो गई. इस हादसे में परिवार का पालतू कुत्ता भी नहीं बचा.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 3:00 बजे स्कॉर्पियो वाहन (संख्या छ्व॥ 21त्र3927) बरसातपुर-अहिरानी हाईवे से गुजर रही थी. इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन में चला गया. सामने से आ रहे ट्रेलर (संख्या क्चक्र 28त्रक्च2171) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई.

 पांच लोगों की मौत  

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. उसमें सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इधर घटना की सूचना मिलते ही थाना दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ के मर्चरी हाउस भेज दिया.

मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53 वर्ष), उनके बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27 वर्ष), पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48 वर्ष), निवासी ग्राम रानीडीहा, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है. वहीं रविंद्र यादव (20 वर्ष) और पुरुषोत्तम कुमार (28 वर्ष), दोनों निवासी मटीहानी, थाना मोहनपुर, जिला गया (बिहार) भी इस हादसे में जान गंवा बैठे.
बताया जा रहा है कि परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी संपन्न कर बेहद खुशी के साथ घर लौट रहा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. शादी की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं. इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई. फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-