दमोह. एमपी के दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर रविवार दोपहर जौनपुर (उत्तर प्रदेश) जा रही एक तेज रफ्तार कार बमनी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में परिवार के एक युवक और एक नाबालिग लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. जिन्हें जबलपुर रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, गुजरात में रहने वाला विश्वकर्मा परिवार कार से अपने पैतृक गांव जौनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था. जैसे ही उनकी कार कुम्हारी थाना क्षेत्र के बमनी गांव के पास पहुंची, ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और गाड़ी सड़क से नीचे खाई में जा पलटी. हादसे में 24 साल के संतोष विश्वकर्मा और 14 साल की शिवानी विश्वकर्मा की जान चली गई.
घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया. घायल पूजा (30), संगम (20), अच्छे लाल (32) और संदीप (24) की हालत नाजुक बनी हुई है. उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घायल संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि कार अचानक पलटी और उसके बाद उन्हें कुछ होश नहीं रहा. उन्हें सीधे अस्पताल में ही होश आया. कुम्हारी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

