महाराष्ट्र : बिरयानी खाई, फिर तरबूज, खाते ही खत्म हो गया पूरा परिवार, 4 मौतों से मचा हड़कम्प

महाराष्ट्र : बिरयानी खाई, फिर तरबूज, खाते ही खत्म हो गया पूरा परिवार, 4 मौतों से मचा हड़कम्प

प्रेषित समय :18:46:26 PM / Mon, Apr 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. मायानगरी मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. यह घटना पायधुनी क्षेत्र की घाटी गली में स्थित मुगल बिल्डिंग में हुई. 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार 25 अप्रैल की रात परिवार के कुल 9 सदस्यों ने रात करीब 10:30 बजे साथ में खाना खाया था. खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए. देर रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच मृतक परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया. इसके बाद सुबह चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई.

बिरयानी के बाद तरबूज खाने से बिगड़ी हालत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार ने रात के खाने में सबके साथ बिरयानी खाई थी और उसके बाद तरबूज खाया था. इसके कुछ समय बाद ही परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत बिगडऩे लगी. शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है. मृतकों के रिश्तेदार ने बताया कि चारों लोगों ने शनिवार रात साथ में खाना खाया था और अगले दिन उन्हें उल्टी और दस्त होने लगे. इसके बाद उन्हें डॉक्टर को दिखाया गया, जिन्होंने उन्हें जेजे अस्पताल ले जाने की सलाह दी.

इलाज के दौरान चारों की मौत

मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), नसरिन डोकाडिया (35), आयशा (16) और जैनब (13) के तौर पर हुई है. तबीयत बिगडऩे के बाद सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने बताया कि खाना खाने के बाद चारों को उल्टी, चक्कर आना और पेट दर्द जैसे लक्षण महसूस होने लगे. फिर रविवार को उनकी तबीयत और बिगड़ गई. इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. खाने के नमूने को जांच के लिए भेजा गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-