दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी-‘इया आपलो सामान निया’ अभियान में 141 मोबाइल बरामद कर लौटाए

दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी-‘इया आपलो सामान निया’ अभियान में 141 मोबाइल बरामद कर लौटाए

प्रेषित समय :15:36:44 PM / Fri, May 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दंतेवाड़ा.आम जनता की खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के उद्देश्य से चलाए गए ‘इया आपलो सामान निया’ अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के माध्यम से कुल 141 गुम मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 31 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन और साइबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल की सहायता से न केवल दंतेवाड़ा जिले, बल्कि उत्तरप्रदेश और आसपास के जिलों—जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव—से भी गुम मोबाइल बरामद किए।

नागरिकों की सुविधा के लिए दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479151665 जारी किया है। इसके साथ ही भारत सरकार की हेल्पलाइन 1930 और ईमेल cybercrime@gov.in के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने “सायबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सएप सेवा भी शुरू की है, जहां शिकायत दर्ज होते ही आवेदक को एक्नॉलेजमेंट नंबर प्रदान किया जाता है।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए “सायबर संगवारी दंतेवाड़ा” नामक व्हाट्सएप चैनल भी शुरू किया गया है, जिसमें प्रतिदिन साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या बैंक एवं सोशल मीडिया गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन पर दें।

दंतेवाड़ा पुलिस का यह अभियान न केवल लोगों की खोई हुई वस्तुएं लौटाने में सफल रहा है, बल्कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-