जबलपुर में हैलमेट चेकिंग के दौरान भाजपा पार्षद-एएसआई के बीच टकराव, गोहलपुर थाना में धरना-प्रदर्शन

जबलपुर में हैलमेट चेकिंग के दौरान भाजपा पार्षद-एएसआई के बीच टकराव, गोहलपुर थाना में धरना-प्रदर्शन

प्रेषित समय :18:01:23 PM / Sun, May 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गोहलपुर क्षेत्र में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा पार्षद व एएसआई के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने अपने समर्थकों के साथ गोहलपुर थाना में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. भाजपा पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने तो यहां तक कह दिया कि एएसआई पर यदि कार्यवाही  नहीं हुई तो वे आत्महत्या कर लेंगे.

भाजपा पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने बताया कि उनके भतीजे को वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस ने हेलमेट न पहनने के कारण रोक लिया. इस दौरान बाबा श्रीवास्तव अधारताल से रानीताल अपनी बेटी को कोचिंग से लेने जा रहे थे. उन्होने देखा कि भतीजा पुलिस के बीच खड़ा है तो वे रुक गये. पूछताछ करने पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिना हैलमेट के वाहन चला रहा था, चालान कटने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा. पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यवाही में समय लग रहा था, इसलिए उन्होने अपने भतीजे को कहा कि वे बेटी को लेने चला जाए और चालानी कार्रवाई के लिए रुके रहते हैं.

बाबा श्रीवास्तव के मुताबिक मौके पर मौजूद एएसआई उनके भतीजे को जाने नहीं दे रहा था, उल्टा उनकी बेटी को लेकर अपशब्द कहने लगा. जिसके चलते विवाद की स्थिति निर्मित हो गई. बाबा श्रीवास्तव के समर्थन में भाजपा पार्षद और कार्यकर्ता भी गोहलपुर थाना पहुंच गए और एएसआई को निलंबित करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए. भाजपा पार्षद का कहना था कि पुलिस द्वारा अभद्रता की गई है, यदि एएसआई पर कार्यवाही नही की गई तो वे आत्महत्या कर लेगें.