जबलपुर। एमपी के जबलपुर में कटंगी बाईपास चौराहे के समीप स्थित यूनिटी वेयरहाउस पार्क में देर रात भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और फैलते हुए रिलायंस फ्रेश व ब्रिटानिया के वेयरहाउस को भी अपनी चपेट में ले लिया। तीनों जगह से उठ रही आग की लपटें देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। खबर मिलते ही एक के बाद एक पहुंची दमकल की गाडिय़ों ने आग बुझाना शुरु कर दिया।
बताया गया है कि कटंगी बायपाय चौराहा से चंद कदम की दूरी पर देर रात 12 बजे के लगभग यूनिटी वेयर हाउस में अचानक आग लग गई, वेयर हाउस के अंदर ही अंदर धधक रही आग ने कुछ ही पल में विकराल रुप धारण कर लिया। वेयर हाउस से उठ रही आग की लपटों ने नजदीक की ब्रिटानिया व रिलायंस फे्रश की गोदामों को भी अपने चपेट में ले लिया। वेयर हाउस व इन दोनों गोदामों में लगी भीषण आग की लपटें दूर दूर तक दिखाई देने लगी। यहां तक कि राह चलते भारी वाहन चालक भी रुक गए, आसपास के लोग भी घरों से बाहर आ गए, देखा तो गोदामों से उठ रही आग की लपटें आसमान को छूने बेताव रही। खबर मिलते ही एक के बाद एक दमकल की 6 से ज्यादा गाडिय़ां पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरु कर दिया। खबर मिलने तक आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां लगी रही। यूनिटी वेयर हाउस, ब्रिटानिया व रिलायंस फे्रश के गोदाम में रखा करोड़ों रुपए का माल जलकर खाक हो गया है।
गोदाम में हो रहे विस्फोट-
बताया जा रहा है कि गोदामों के अंदर ज्वलनशील पदार्थ बड़ी मात्रा में रखे होने के कारण लगातार विस्फोट जैसी आवाजें आ रही हैं, जिससे आग और भी तेजी से भड़क रही है और हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बड़ी खबर, कटंगी बाईपास में यूनिटी वेयरहाउस पार्क में लगी भीषण आग, रिलायंस फे्रश, ब्रिटानिया के गोदाम को अपनी चपेट में लिया
प्रेषित समय :03:19:00 AM / Tue, May 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




