बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन उस समय भावुक हो गईं जब उनकी और दिवंगत अभिनेता इरफान खान की 25 साल पुरानी अनरिलीज्ड फिल्म आखिरकार दर्शकों के सामने आ गई। ‘द लास्ट टेनेंट’ नाम की यह फिल्म अब यूट्यूब पर रिलीज की गई है। फिल्म को देखने के बाद विद्या बालन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने संघर्ष के दिनों और इरफान खान के साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके करियर के बेहद कठिन दौर में शूट हुई थी, जब लगातार असफलताएं और फिल्मों से बाहर किए जाने का दर्द उन्हें झेलना पड़ रहा था।
विद्या बालन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि उन्होंने ‘द लास्ट टेनेंट’ को 25 साल बाद पहली बार देखा। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई थी, लेकिन किसी कारणवश यह कभी रिलीज नहीं हो सकी। उस समय उनके करियर में कुछ भी सही नहीं चल रहा था। उनकी पहली मलयालम फिल्म ‘चक्रम’ बंद हो गई थी और इसके बाद करीब तीन साल तक उन्हें लगभग एक दर्जन फिल्मों से रिप्लेस कर दिया गया था। अभिनेत्री ने कहा कि उस दौर की हर असफलता की तरह उन्होंने इस फिल्म को भी भुलाने की कोशिश की और यादों के कालीन के नीचे दबा दिया।
विद्या ने बताया कि हाल ही में फिल्म के निर्देशक सार्थक दासगुप्ता का संदेश मिलने के बाद उन्हें पता चला कि फिल्म अब यूट्यूब पर रिलीज की जा रही है। इसके बाद उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें याद आया कि वह इरफान खान के साथ काम कर रही थीं, उन्होंने तुरंत अपनी बहन को फोन कर यह खुशखबरी दी थी। उस समय इरफान टीवी शो ‘बनेगी अपनी बात’ से लोकप्रिय हो चुके थे और विद्या उन्हें सबसे नैचुरल अभिनेता मानती थीं।
अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में इरफान खान की एक्टिंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि 25 साल पहले भी उन्हें इरफान बेहद स्वाभाविक अभिनेता लगते थे और फिल्म देखने के बाद आज भी उन्हें वही एहसास हुआ। विद्या ने कहा कि इरफान के अभिनय में कभी कोई बनावट नजर नहीं आती थी। उनकी आवाज, भावनाएं और अभिनय पूरी तरह वास्तविक लगते थे। उन्होंने यह भी कहा कि इरफान के निधन के बाद उन्हें हमेशा इस बात का अफसोस रहा कि कई फिल्में, जिनमें दोनों साथ नजर आने वाले थे, किसी न किसी वजह से पूरी नहीं हो सकीं। लेकिन अब ‘द लास्ट टेनेंट’ के रूप में उनके पास इरफान के साथ बिताई गई यादों का एक खूबसूरत हिस्सा हमेशा रहेगा।
‘द लास्ट टेनेंट’ को निर्देशक सार्थक दासगुप्ता ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म का निर्माण नीना और सार्थक दासगुप्ता ने किया है। खास बात यह है कि फिल्म को इरफान खान को श्रद्धांजलि के रूप में रिलीज किया गया है। इरफान खान के प्रशंसकों के लिए यह फिल्म बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि इसमें अभिनेता के शुरुआती दौर की झलक देखने को मिल रही है।
फिल्म के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की भावुक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फैंस इरफान खान को याद करते हुए उनकी एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि इतने वर्षों बाद भी इरफान का अभिनय दिल को छू लेने वाला है। वहीं विद्या बालन के संघर्ष और उनके भावुक पोस्ट ने भी लोगों को प्रभावित किया है।
इरफान खान का निधन वर्ष 2020 में हुआ था, लेकिन आज भी उनके अभिनय और व्यक्तित्व को लोग उतना ही याद करते हैं। ‘द लास्ट टेनेंट’ की रिलीज ने एक बार फिर उनके चाहने वालों को भावुक कर दिया है और यह फिल्म अब उनके करियर की अनमोल यादों में शामिल हो गई है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

